बाघल टुडे (अर्की):-
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंज्याट में आपदा प्रबंधन के अंतर्गत एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या रीता कश्यप ने की। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों, जैसे भूकंप, आग या अन्य आपदाओं के समय सुरक्षित रहने तथा त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए जागरूक करना था। इस दौरान छात्रों को सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया, प्राथमिक उपचार तथा आपदा के समय अपनाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
आपदा प्रबंधन प्रभारी सुमीत शर्मा इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने पूरे अभ्यास का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग की ओर से चौकी प्रभारी अर्की अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आग लगने की स्थिति में तुरंत अपनाए जाने वाले कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का प्रदर्शन भी किया और बताया कि घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।

साथ ही होम गार्ड के प्लाटून कमांडर यशपाल ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी आपदा के समय संयम, अनुशासन और टीमवर्क कितना महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने भूकंप, बाढ़ एवं अन्य आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने के उपाय, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया तथा प्रशासन के साथ समन्वय के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
प्रधानाचार्या रीता कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल छात्रों के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें संकट के समय सजग एवं सुरक्षित रहने के लिए तैयार करती हैं। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ और सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई।
