बाघल टुडे (अर्की):-अर्की-शालाघाट सड़क मार्ग पर शयारड़ा (आरडी 2/430) स्थित पुल के पुनर्निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह आदेश उपमंडलीय दंडाधिकारी (एसडीएम) अर्की यादविंदर पॉल द्वारा सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।
सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग अर्की द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार,पुल निर्माण का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। इस दौरान एक पुराना डंगा गिरने के कारण सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे मार्ग की चौड़ाई काफी कम हो गई है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।एसडीएम कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जब तक आगे के आदेश जारी नहीं होते, तब तक उक्त स्थल से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। वहीं आदेश में आज शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक सभी वाहनों की आवाजाही बन्द कर दी गई है।
आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस आदेश को तुरंत प्रभाव से लागू करें।
अर्की-शालाघाट सड़क मार्ग पर शयारड़ा पुल निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक
