बाघल टुडे (अर्की):- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला कोटली में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय की कार्यवाहक प्रभारी उषा देवी ने की। बैठक में अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से कैलाश चंद को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा ओम प्रकाश ठाकुर को उपाध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्रभारी उषा देवी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में एसएमसी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कैलाश चंद एवं उपाध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर ने विद्यालय के विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों के हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का विश्वास दिलाया।
बैठक में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने नवगठित एसएमसी को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।


