खनलग पंचायत के गांव मैंथी में श्रद्धा से मनाई गई संत रविदास जयंती

बाघल टुडे (अर्की):- ग्राम पंचायत खनलग के गांव मैंथी स्थित गुरुद्वारा में संत शिरोमणि संत रविदास जयंती का आयोजन श्रद्धा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरिजन कल्याण समिति ग्राम पंचायत खनलग के अध्यक्ष बलदेव सिंह तथा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर हरिजन सेवक संघ हिमाचल प्रदेश के महासचिव प्रेमचंद धीमान की अगुवाई में सूचना प्रभारी नरपत राम, हरिजन कल्याण समिति ग्राम पंचायत डुमैहर के अध्यक्ष जोतिंदर सिंह और महासचिव हरीश कुमार मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए प्रेमचंद धीमान और जोतिंदर सिंह ने संत रविदास के जीवन, उनके सामाजिक व आध्यात्मिक विचारों तथा मानव समानता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाकर मानवता, समरसता और आत्मसम्मान का मार्ग दिखाया, जिसे आज के समय में अपनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। संस्था की ओर से आयोजनकर्ताओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया। आयोजकों और ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *