बाघल टुडे (अर्की):- केंद्रीय कानून मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक के मसौदे के विरोध में मंगलवार को बार एसोसिएशन अर्की ने अर्की न्यायालय के बाहर प्रदर्शन किया और कोर्ट से संबंधित सभी कार्यों का बहिष्कार किया। इस मौके पर बार एसोसिएशन अर्की के अध्यक्ष जोगिंद्र ठाकुर की अगुवाई में दर्जनों वकीलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और अधिवक्ता संशोधन बिल को वापस लेने की मांग की।



जोगिंद्र ठाकुर ने कहा कि इस काले कानून के चलते वकीलों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, जिसका सभी विरोध करते हैं।उन्होने प्रस्तावित मसौदे में वकीलों के हितों की अनदेखी करार देते हुए कहा कि अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक 2025 का मसौदा कानून मंत्रालय ने जारी किया है, जिसका विरोध वकीलों को द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान बार एसोसिएशन अर्की द्वारा न्याय एवं विधि मंत्रालय,भारत सरकार को एसडीएम अर्की यादविंदर पॉल के माध्यम से विरोध स्वरूप ज्ञापन भी सौंपा गया।


