बाघल टुडे (अर्की):- उपमंडल अर्की की कुंहर पंचायत के चौरंटू में आहान एनजीओ द्वारा शनिवार को सर्वोदय रक्तदान शिविर-02 का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में आईजीएमसी शिमला की चिकित्सीय टीम ने अपनी सेवाएं दी। रक्तदान शिविर में 50 लोगों ने रक्तदान किया। सर्वोदय रक्तदान शिविर का यह दूसरा रक्तदान शिविर रहा। इससे पहले सर्वोदय रक्तदान शिविर का पहला सफल रक्तदान शिविर जयनगर में आयोजित किया जा चुका है जिसमें भी 50 लोगों ने रक्तदान किया था।

आहान एनजीओ उपाध्यक्ष शशिकांत शर्मा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान होता है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई लोगो की जान बचा सकता है। रक्तदान से शरीर में किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है बल्कि इससे शरीर में नए रक्त का संचार होता है। वहीं आहान एनजीओ अध्यक्ष यशपाल ने कहा कि सभी को जीवन मे कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। आहान एनजीओ सचिव जुगल किशोर ने भी लोगो को हर रक्तदान शिविर में हिस्सा बनने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि लोगो में यह भ्रम है कि रक्तदान से कमजोरी आती है लेकिन रक्तदान से शरीर में किसी भी प्रकार की कमजोरी नही आती है बल्कि शरीर में नए रक्त का संचार होकर स्फूर्ति का एहसास होता है।
इस दौरान चिकित्सीय टीम के डॉ०नवीन ने कहा कि कई बार किया हुआ रक्तदान आपकी जिंदगी बचा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुरुषो को साल में चार बार तथा महिलाओं को तीन बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। केवल किसी गंभीर बीमारी या कमजोरी में ही रक्तदान से बचना चाहिए।



इस शिविर में नवीन कुमार, विनोद कुमार,जगदीश ठाकुर, दिनेश कुमार,श्यामलाल, निशा देवी,कली राम,जयदेव ठाकुर, पवन चौधरी,ज्ञान चंद,भुवनेश ठाकुर,विनोद ठाकुर,धर्मदत्त ठाकुर,सुरेंद्र ठाकुर,हुकम चंद ने भाग लिया।
