बाघल टुडे (अर्की):- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंज्याट के छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के एक समूह को वोकेशनल शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। इस भ्रमण का नेतृत्व शिक्षक सुमित शर्मा व योगराज ने किया। विद्यार्थियों को हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला (बिलासपुर) और कामधेनु मिल्क प्लांट नम्होल का दौरा कराया गया। इस दौरान उन्होंने कंप्यूटर साइंस,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाइड्रो इंजीनियरिंग से जुड़ी विभिन्न तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग की आधुनिक तकनीकों,सॉफ्टवेयर डिजाइनिंग और डेटा एनालिसिस जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसके अलावा उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और इसके भविष्य में बढ़ते प्रभाव को भी समझा।


इसके बाद कामधेनु मिल्क प्लांट में विद्यार्थियों ने दूध उत्पादन, पैकेजिंग प्रक्रिया और डेयरी उद्योग की आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने देखा कि कैसे कच्चे दूध को विभिन्न प्रक्रियाओं से शुद्ध और सुरक्षित बनाया जाता है। इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक कौशल के महत्व को समझने का अवसर मिला।


शिक्षक सुमीत शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके व्यावसायिक भविष्य को संवारने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।

