अर्की अस्पताल में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता व परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन

बाघल टुडे (अर्की):- “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार विशेष अभियान” के अंतर्गत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुक्ता रस्तोगी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को संपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई और उन्हें विभिन्न सुविधाओं का लाभ भी उपलब्ध करवाया गया।
डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने महिलाओं को कैंसर, मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया, दंत स्वास्थ्य, मधुमेह (डायबिटीज) और उच्च/निम्न रक्तचाप जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ नारी ही परिवार की रीढ़ होती है और उसका स्वास्थ्य पूरे परिवार व समाज को मजबूत बनाता है।


उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार से कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है। वहीं मासिक धर्म स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए उन्होंने महिलाओं को साफ-सफाई और सैनिटरी पैड के सही उपयोग की जानकारी दी। एनीमिया की गंभीर समस्या पर चर्चा करते हुए उन्होंने आयरन एवं फॉलिक एसिड युक्त आहार, हरी सब्ज़ियों और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की महत्ता पर जोर दिया। साथ ही दंत स्वास्थ्य की देखभाल एवं ब्लड प्रेशर जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए। कार्यक्रम में सुपरवाइज़र भूषण वर्मा, सुपरवाइज़र शकुंतला शर्मा, मनीष कुमार,डॉ विजय कुमार शांडील कॉउंसलर ,सपना ठाकुर, काउंसलर सुरक्षा परमार आदि ने सक्रिय सहयोग दिया। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों डॉ. दुनी चंद, डॉ. वैभव, डॉ. प्रियंका चौधरी एवं डॉ. दीपिका, डॉ शीखा ने भी महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न जानकारियाँ प्रदान कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *