अर्की अस्पताल में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को किया गया जागरूक

बाघल टुडे (अर्की):- सिविल अस्पताल अर्की में सड़क सुरक्षा दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की, डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर, द्वारा उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं आज देश में मृत्यु और विकलांगता का एक प्रमुख कारण बन चुकी हैं, जिनमें से अधिकांश दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया।

डॉ. विजय कुमार शांडिल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। यदि हम स्वयं नियमों का पालन करेंगे, तभी हम अपने परिवार और समाज को सुरक्षित रख सकेंगे। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति से दूर रहें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। शपथ के माध्यम से यह संकल्प लिया गया कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करेंगे, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर मनीष कुमार, लैब टेक्नीशियन एवं काउंसलर, नई दिशा केंद्र  सुरक्षा परमार द्वारा कार्यक्रम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। दोनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया और सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए ताकि समाज में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो सके। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को इस जनहितकारी पहल का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *