दाड़लाघाट में मुख्यमंत्री सुक्खू ने 100 करोड़ रुपये से अधिक योजनाओं के किए शिलान्यास व लोकार्पण ।

बाघल टुडे (दाड़लाघाट):- दी बाघल लैंड लूजर परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट ने अपने वार्षिक समारोह में 10 देवताओं के आगमन सहित जात्रा का आयोजन किया।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु ने सभा के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ (कर्नल) धनीराम शांडिल,लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व सीपीएस व विधायक अर्की संजय अवस्थी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभा प्रधान जगदीश ठाकुर ने व सोसाइटी के समस्त सदस्यों ने दोपहर बाद देवताओ की पूजा अर्चना की। एक बजे तक देवताओं की परम्परागत जात्राएं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंहव सुक्खू ने यहाँ पहुंचने पर 10 देवताओं का आशीर्वाद लिया। मुख्य संसदीय सचिव व विधायक अर्की संजय अवस्थी ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में न केवल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुधारा जा रहा है अपितु आपदा के समय अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपए का पैकेज देकर प्रदेश सरकार ने सभी पीड़ितों को राहत पहुंचाई है। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न मांगें भी प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल देवभूमि के नाम से जाना जाता है। लोगों की देवी देवताओं में अपार श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले 15 महिनों से प्रदेश को आगे ले जाने के लिए कार्य करती आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा ने कई लोगों को बेघर कर दिया था जिन्हें सरकार द्वारा घर उपलब्ध करवाए गए। इसके अलावा सरकार अपनी गारंटियों को क्रमवद्ध तरीके से पूरा कर रही है। सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में कुर्सी चुराने की कोशिश करने वालों और बिकाऊ विधायकों को जनता कभी माफ नहीं करेगी,हमारी लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने कहा कि बजट पास न होता तो सरकार गिर जाती। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के छह बागी विधायकों ने अंतरआत्मा नहीं, बल्कि धन आत्मा के बल पर वोट दिया है। इसी के चलते राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हारा है। सीएम बोले,कांग्रेस सरकार पांच साल चलेगी। यह सरकार कर्मचारी के बेटे की सरकार है। कुर्सी चुराने का प्रयास करने वालों को जनक्रांति का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में कांग्रेस की टिकट पर चुन कर आए 06 विधायकों ने राज्य सभा के निर्वाचन में न केवल क्रॉस वोटिंग की अपितु जन-जन के कल्याण के लिए प्रस्तुत बजट को पारित करने से दूरी भी बनाई। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के लोकतंत्र की हत्या करने के प्रयास कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि धन बल को जन बल से हराएं और लोकसभा चुनावों में असत्य की राह पर चलने वालों को सबक सिखाएं। सुक्खू ने कहा कि आम आदमी की पीड़ा उनकी पीड़ा है और आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए वह सदैव प्रयासरत रहेंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह साधारण परिवार से प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद पर पहुंचे है और प्रदेशवासियों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रथम दो बजट प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण को समर्पित हैं।।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से जन कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल के 15 महीनों में लोगों से किए गए वायदे के अनुरूप 05 गारंटियों पूरी की हैं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से प्रदेश आपदा से उभकर धीरे-धीरे विकास पथ पर अग्रसर हो रहा है। आम जन को राहत पहुंचाने के प्रदेश सरकार के निर्णय फलीभूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के वित्तीय प्रबंधन से अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत सुधार हुआ है। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अर्की में मिनी सचिवालय निर्मित करने तथा दाड़लाघाट में विभिन्न कार्यालयों के लिए एक संयुक्त कार्यालय निर्मित करने की घोषणा की। उन्होंने मांगू में 33 केवी विद्युत उप केन्द्र निर्मित करने की घोषणा की। इससे क्षेत्र की लगभग 10 पंचायतों में कम वोल्टेज की समस्या दूर होगी। उन्होंने दिग्गल में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में स्तरोन्तन करने की घोषणा भी की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में विज्ञान विषय में कक्षाएं आरम्भ करने,अर्की में इंडोर स्टेडियम निर्मित करने तथा प्रदेश सरकार की नीति के अनुसार मलौण में औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि भूमि की उपलब्धतता के अनुसार दाड़लाघाट में खेल मैदान के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कुनिहार में नागरिक अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध होने पर नया भवन निर्मित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के परिवहन आपरेटरों की समस्याओं को सुलझाने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे पहले बाघल लैंड लूजर परिवहन सभा समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और ट्रांसपोर्ट आपरेटरों की समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया। इससे पहले हिमाचली संगीत के कलाकार विशेष रूप से हिमाचली जोड़ी अर्जुन गोपाल व रंजना रघुवंशी,लता शर्मा,श्रुति शर्मा सहित भूपी शर्मा ने उपस्थित जन समूह का भरपूर मनोरंजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *