बाघल टुडे (अर्की):-अर्की कल्याण संस्था द्वारा हिन्दू नव वर्ष के शुभारंभ पर बाघल महिला सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संस्था के सयोंजक सुरेंद्र ठाकुर ने शनिवार को अर्की के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं को एक मंच प्रदान करने के लिए 30 मार्च को अर्की के गौ सदन में अर्की कल्याण संस्था द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


इस मौके पर उत्तराखंड औद्योगिक एवं वानिकी विश्व विद्यालय देहरादून के कुलपति प्रोफेसर डॉ0 परविंदर कौशल बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। उन्होने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान पंचायत स्तर की टीमों के मध्य बाघल का पारंपरिक गिद्धा व समूहगीत की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें पहले चार स्थानों पर रहने वाली टीमों को नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।


जिसमें पारंपरिक गिद्धा में प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम को 5100,द्वितीय 2100,तृतीय 1100 व चतुर्थ स्थान पर रहने वाली टीम को 1000 रुपए की राशि दी जाएगी। इसके अलावा समूहगीत में प्रथम 2100,द्वितीय 1500,तृतीय 1100 व चतुर्थ स्थान पर रहने वाली टीम को 1000 रुपए की राशि नकद दी जाएगी। उन्होने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम का प्रवेश शुल्क 100 रुपये प्रति कार्यक्रम रहेगा। सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस प्रतियोगिता में पंचायत स्तर के महिला मंडल,स्वयं सहायता समूह व महिला सांस्कृतिक दल भाग ले सकते है। इस मौके पर चम्यावल पंचायत के पूर्व प्रधान परविंदर ठाकुर भी उपस्थित रहे।

