अर्की की धुंधन पंचायत के वार्ड मेंबर की जहर पीने से हुई मौत,पुलिस कर रही मामले की छानबीन

बाघल टुडे (अर्की):- पुलिस थाना दाड़लाघाट के अंतर्गत धुन्धन पंचायत के वार्ड मेम्बर द्वारा जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विगत दिन एक व्यक्ति ने थाने में फोन करके जानकारी दी कि बड़यार नाला ऐयर श्मशान घाट में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है।

पुलिस ने मौके पर पहुँच कर छानबीन में मृतक व्यक्ति धुन्धन पंचायत के ऐयर गांव का 47 वर्षीय सुखराम पुत्र प्रेमाराम जो वार्ड मेम्बर था के रूप पहचान हुई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बारीकी से निरीक्षण में पाया कि शव से करीब 10 मीटर की दूरी पर जहरीली कीटनाशक खाली शीशी बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर उपस्थित स्थानीय धुन्धन पंचायत की प्रधान शकुंतला शर्मा,संजीव कौशल,दौलत राम व धनीराम के ब्यान कलमबद्ध कर शव को अर्की अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जहाँ पर वीरवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा प्रथम दृष्टि के आधार पर आत्महत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *