गलोग में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं को एचआईवी एड्स बारे किया गया जागरूक

बाघल टुडे (अर्की):- ग्राम पंचायत प्लानिया गांव गलोग में एचआईवी एड्स को लेकर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को एचआईवी संक्रमण,उसके बचाव और सुरक्षित मातृत्व के विषय में जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के दौरान परामर्श विशेषज्ञ डॉक्टर विजय कुमार शांडिल ने महिलाओं को एचआईवी एड्स से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचआईवी संक्रमण कैसे फैलता है,इसके क्या लक्षण होते हैं और गर्भवती महिलाओं को किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। डॉक्टर शांडिल ने यह भी बताया कि समय पर जांच और सही इलाज से एचआईवी संक्रमित महिलाएं भी एक स्वस्थ शिशु को जन्म दे सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को एचआईवी जांच के लिए प्रेरित किया और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा डॉक्टर शांडिल ने महिलाओं को सुरक्षित व्यवहार रखने की सलाह दी और बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित व्यवहार अपनाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए और उन्हें भी उचित देखभाल और समर्थन की आवश्यकता होती है। कार्यक्रम में क्षेत्र की 40 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अत्यंत लाभकारी बताया। महिलाओं ने भविष्य में भी इस तरह की जानकारीपूर्ण पहलुओं पर चर्चा होने की अपेक्षा की,जिससे कि सभी एचआईवी संक्रमण से सुरक्षित रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *