मार्च महीने से शुरू होगी 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं, परिणाम घोषित करने का शेड्यूल भी हुआ जारी

बाघल टुडे (ब्यूरो):- हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के तहत राज्य भर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दसवीं व जमा दो श्रेणी नियमित व राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के परीक्षार्थियों की वार्षिक परीक्षा, कंपार्टमेंट/श्रेणी सुधार/अतिरिक्त विषय की परीक्षाएं तीन मार्च, 2026 से शुरू होंगी। इसके साथ ही शिक्षा बोर्ड की ओर से पहली बार बोल्ड निर्णय लेते हुए परिणाम घोषित करने की तिथि भी घोषित कर दी गई है, जिसमें दसवीं व जमा दो की परीक्षाएं पहली अप्रैल को समाप्त होंगी, जबकि 30 अप्रैल को पहला परिणाम बोर्ड की ओर से जारी कर दिया जाएगा।
वहीं, इस बार परीक्षाओं की समयसारिणी में भी बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत अब परीक्षाओं को आठ बजकर 45 मिनट से 12 बजे के बजाय नौ बजकर 45 मिनट से एक बजे तक करवाया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बताया कि दसवीं और जमा दो की नियमित एवं एसओएस परीक्षाएं तीन मार्च, 2026 से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाएं 28 मार्च तक आयोजित की जाएंगी, जबकि जमा दो की पहली अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। 30 अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।
20 फरवरी से प्रैक्टिकल
धर्मशाला। शैक्षणिक सत्र 2025-26 की दसवीं और जमा दो (नियमित व राज्य मुक्त विद्यालय- एसओएस) की प्रायोगिक परीक्षाएं 20 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। उत्तर पुस्तिकाओं का संग्रह 12 मार्च, प्राप्त और खोलने की तिथि 17 मार्च, मूल्यांकन हेतु तैयारी 21 मार्च, स्पॉट मूल्यांकन का आरंभ दो अप्रैल और समापन 22 अप्रैल, परिणाम प्रसंस्करण 23 अप्रैल तथा परिणाम 30 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। डा. शर्मा ने बताया कि परीक्षा की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होगी ताकि सभी छात्रों को समय पर और सही परिणाम मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *