अर्की के हरीश कुमार शर्मा ने सीबीएसई स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रदेश में हासिल किया तीसरा स्थान

बाघल टुडे (अर्की):- स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा सीबीएसई सब कैडर के लिए आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें प्रदेश भर से 6084 शिक्षक उत्तीर्ण हुए हैं। इसी परीक्षा में अर्की उपमंडल के ग्राम पंचायत पलोग के नेर गांव निवासी हरीश कुमार शर्मा ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
हरीश कुमार वर्तमान में जिला सोलन में शिक्षा खंड रामशहर के लगदाघाट क्लस्टर के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला बढ़ल-2 में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
परिवार की शिक्षा से जुड़ी विरासत भी प्रेरणादायक रही है। उनके पिता हेमचंद शर्मा शिक्षा विभाग में शिक्षक रह चुके हैं और उससे पूर्व भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उनकी माता गृहणी हैं, जबकि धर्मपत्नी शिक्षिका हैं और उनकी बहन सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। इनके स्वर्गीय दादा प्रेमचंद शर्मा भी शिक्षक रहे और पूरा परिवार उनके नक्शे कदमों पर चला, वहीं दादी ने परिवार में समाजसेवा का जज्बा दिया।
गौरतलब है कि इस परीक्षा में सफल शिक्षक अब काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेंगे, जिसके आधार पर उनकी नियुक्ति की जाएगी। हरीश की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरी पंचायत और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *