कुनिहार-नालागढ़ मार्ग पर गंभरपुल में बादल फटा,प्रशासन द्वारा राहत कार्य जारी

बाघल टुडे (अर्की):- उपमंडल के अंतर्गत कुनिहार-नालागढ़ मार्ग पर गंभरपुल में आज दोपहर बादल फटने की घटना सामने आई। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर हुई बारिश के बाद गंभरपुल स्थान पर अचानक पहाड़ से पानी आने लगा और देखते ही देखते यह बाढ़ के रूप में बदल गया। बाढ़ के साथ मलबा गंभरपुल पर आ गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया।

इस घटना में कई छोटी गाड़ियां भी मलबे में फंस गईं, जिन्हें बाद में निकाल दिया गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह बादल फटने की घटना हो सकती है।

बादल फटने के कारण उत्पन्न बाढ़ से मार्ग अवरुद्ध होने के कारण स्थानीय निवासियों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुट गए।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और जरूरतमंदों को तुरंत सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम अर्की यादविंदर पॉल भी स्थिति का जायजा लेने स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क मार्ग को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर करवाया गया और मार्ग को बहाल कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि अचानक आई इस बारिश से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। केवल एक ढाबे के मालिक को नुकसान हुआ था, जिसे प्रशासन द्वारा फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।

इस घटना ने एक बार फिर से हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान आने वाली प्राकृतिक आपदाओं की गंभीरता को उजागर किया है। प्रशासन की तत्परता और स्थानीय लोगों की सावधानी ने संभावित नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *