पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह के निधन से भारतीय राजनीति के एक स्वर्णिम युग का हुआ अंत-विनय शर्मा

बाघल टुडे (अर्की):-एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष और समाजसेवी विनय शर्मा ने अपने गांव भूमती में कार्यकर्ताओं सहित पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विनय शर्मा ने कहा कि डॉ. सिंह के निधन से भारतीय राजनीति के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। उनकी विनम्रता, कर्मठता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण को देश सदैव याद रखेगा।

विनय शर्मा ने डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उन्होंने 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में और 1991 से 1996 तक वित्त मंत्री के रूप में देश के लिए अमूल्य योगदान दिया। उनकी नीतियों ने भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। आर्थिक सुधारों और नरेगा तथा आरटीआई जैसे कानूनों के निर्माण में डॉ. सिंह की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

डॉ. मनमोहन सिंह, जो स्वतंत्र भारत के सबसे शिक्षित प्रधानमंत्री रहे, उनकी दूरदर्शिता और नीति निर्धारण की प्रशंसा पूरे विश्व में की गई। विनय शर्मा ने कहा कि उनकी प्रेरणादायक यात्रा और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक रहेंगे। भारतवर्ष उनकी विरासत को सदैव गर्व के साथ याद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *