मानव कल्याण समिति अर्की की हुई बैठक,स्वास्थ्य शिविर व प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजन को लेकर की गई चर्चा

बाघल टुडे (अर्की):- मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक उपप्रधान रोशन लाल वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की जानकारी देते हुए सचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि अक्टूबर माह में अर्की के समीप प्रस्तावित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर अब नवम्बर माह में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन पर भी चर्चा हुई। ज्ञात हो कि समिति हर वर्ष यह समारोह आयोजित करती है जिसमें अर्की क्षेत्र की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम अर्जित करने वाली विभूतियों के अतिरिक्त क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में बोर्ड की परीक्षाओं में तहसील स्तर पर प्रथम तीन स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाता है।

इस बार इस समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित व बर्लिन जर्मनी में स्पेशल ओलंपिक्स समर गेम्स 2023 के बास्केटबॉल स्वर्ण पदक विजेता ब्वॉयज टीम के हेड कोच राज कुमार पाल (डुमैहर), राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त गृह रक्षा एवम् नागरिक सुरक्षा विभाग से सेवानिवृत्त डिप्टी कमाडेंट जगदीश चंद (शेरपुर) तथा मूल रूप से अर्की निवासी व नालागढ़ साहित्य कला मंच के संस्थापक डॉ यादव किशोर गौतम (पहाड़ी साहित्यकार) को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। मेघावी विद्यार्थियों की सूची भी शीघ्र ही जारी कर दी जाएगी।


डॉ संत लाल शर्मा ने आम जनता से अनुरोध किया है कि प्रतिभाओं के चयन के लिए समिति को और नाम भी प्रेषित करें। सदस्यों ने आशा शर्मा का समिति को सहयोग राशि देने के लिए आभार जताया।बैठक में प्रेम सिंह चौहान,सी०डी०बंसल,देवेंद्र पाल, व रोहित शर्मा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *