आम आदमी पार्टी की कुनिहार में हुई बैठक,पार्टी की मजबूती पर की गई चर्चा

बाघल टुडे (अर्की):- हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी ने विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियाँ सौंपने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए योजनाओं पर तेज गति से काम शुरू कर दिया है।
पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के अनुसार, विधानसभा संगठन विस्तार के लिए विधानसभा अर्की के अंतर्गत कुनिहार में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कई लोगों ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। संगठन विस्तार में महिला विंग एवं अंबेडकर विंग की कमिटियां बनाई गई।
जिला पर्यवेक्षक उदय डोगरा ने बताया कि पार्टी के ढांचे का निर्माण के लिए हमारे कार्यकर्ता रात दिन संघर्ष कर रहे हैं इस अवसर पर अर्की विधानसभा में नारायण,राकेश ,कमलेश , धर्मपाल रोशन लाल नारायण दास जितेंद्र सिंह और चंपा देवी जी ने आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी का दामन थामा।
बैठक को संबोधित करते हुए उदय डोगरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस की 5-5 वर्ष की अदला-बदली वाली पारी को समाप्त करेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा आजकल सपने देख रही है कि वह 2027 में हिमाचल में आएगी, लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही वर्षों से झूठे वादे करती आई हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस द्वारा जनता में बाँटी गई कई “गारंटियाँ” वास्तव में आम आदमी पार्टी की नीतियों की नकल थीं, जिन्हें वह आज तक पूरा नहीं कर पाई—यह जनता के साथ धोखा है।

उदय डोगरा ने कहा कि 2027 में आम आदमी पार्टी ‘हिमाचल मॉडल’ लेकर आएगी, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसानों और बागवानों के लिए विशेष नीतियाँ शामिल होंगी।

उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर नई टीमों का गठन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य पार्टी के वैकल्पिक राजनीतिक मॉडल को हर गांव और वार्ड तक पहुँचाना है।

डोगरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में एक ईमानदार, पारदर्शी और जनता-केन्द्रित राजनीतिक विकल्प देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए मजबूत संगठनात्मक ढांचा बनाना पहली प्राथमिकता है।

बैठक में सोलन जिला अध्यक्ष जतिन मुसाफिर, उपाध्यक्ष रणवीर मंडोत, रीता ठाकुर, जिला सचिव अशोक चंदेल, संदीप ठाकुर और नरेंद्र तंवर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *