अर्की में भीषण अग्निकांड होना पीड़ादायक व चिंताजनक – अशोक चंदेल

बाघल टुडे (अर्की):- सोलन जिला के अर्की बाजार में आज हुए भीषण अग्निकांड की घटना अत्यंत दुखद, पीड़ादायक एवं चिंताजनक है। इस हादसे में एक मासूम बच्चे की असामयिक मृत्यु तथा कई परिवारों के घरों व दुकानों के जलकर खाक हो जाने की सूचना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक चंदेल ने कहा कि
आम आदमी पार्टी इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करती है और पीड़ित परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं प्रकट करती है। एक ही पल में कई परिवारों का सब कुछ उजड़ जाना प्रशासन की तैयारियों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से मांगकरती है कि इस अग्निकांड की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच करवाई जाए।प्रभावित परिवारों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। वही बेघर हुए लोगों के लिए अस्थायी आवास, भोजन व आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध करवाई जाएं। इसके अलावा घायलों का निःशुल्क व बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सख्ती से समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। आम आदमी पार्टी इस दुख की घड़ी में अर्की की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और पीड़ितों को न्याय व सहायता दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *