बाघल टुडे (अर्की):- हिमाचल अकैडमिक स्कूल बाहवां में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भावपूर्ण फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर जूनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और विभिन्न प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और भावनाओं से भर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कारों के साथ समाज में योगदान देने का संदेश भी दिया।
विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने अपने अनुभव सांझा करते हुए विद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान “मिस्टर फेयरवेल” और “मिस फेयरवेल” जैसे खिताब भी प्रदान किए गए, जिससे कार्यक्रम और भी यादगार बन गया। इसमें धीरज मिस्टर फेयरवेल और वंशिका चोपड़ा को मिस फेयरवेल चुना गया।
अंत में सभी विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं और भावुक माहौल में अपने स्कूल जीवन की यादों को संजोते हुए विदा ली।
हिमाचल अकैडमिक स्कूल बाहवां में 10वीं कक्षा के बच्चों के लिए फेयरवेल पार्टी का हुआ आयोजन
