लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत किया गया जागरूक

बाघल टुडे (अर्की):- लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 तथा बच्चों के टीकाकरण का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. मुक्‍ता रस्तोगी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अर्की के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं शिक्षार्थियों में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और समुदाय को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करना था। कार्यक्रम में डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सेवाएं, सिविल अस्पताल अर्की ने बच्चों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि तंबाकू किसी भी रूप में शरीर के लिए हानिकारक है तथा यह न केवल फेफड़ों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि कैंसर, हृदय रोग, दांतों की समस्या और मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव डालता है। बच्चों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहें और दूसरों को भी इसका संदेश दें। इस मौके पर फीमेल हेल्थ वर्कर सपना ठाकुर ने बच्चों का टीकाकरण किया। कुल लगभग 90 बच्चों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। उन्होंने उपस्थित बच्चों को स्वच्छता, हाथ धोने के महत्व, शारीरिक स्वच्छता तथा संक्रमण से बचाव के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी। बच्चों को समझाया गया कि स्वच्छ आदतें अपनाने से कई बीमारियों से बचाव संभव है।कार्यक्रम को सफल बनाने में आशा वर्कर गीता देवी, सुनीता बंसल और उषा देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों को एकत्रित करने, टीकाकरण व्यवस्था एवं अन्य समन्वय कार्यों में सक्रिय योगदान दिया।
स्कूल की प्रिंसिपल वीना गुप्ता और आकाश गुप्ता, तथा शिक्षक आशीष शर्मा ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्वास्थ्य दल का सहयोग किया और छात्रों को जागरूकता संदेश ध्यानपूर्वक सुनने के लिए प्रेरित किया। कुल 160 बच्चों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर तंबाकू के दुष्प्रभावों और स्वास्थ्य सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त समाज ही एक सशक्त और सुरक्षित भविष्य की नींव है। स्कूल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *