बाघल टुडे (अर्की):- अर्की ब्लॉक में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत आज प्राथमिक विद्यालय अर्की में एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुक्ता रस्तोगी के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर, एचआईवी परामर्श एवं परीक्षण सेवाएं, सिविल अस्पताल अर्की, मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. विजय कुमार शांडिल ने विद्यालय के बच्चों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को हानि पहुँचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बच्चों को यह संदेश दिया “तंबाकू को ना कहें, जीवन को हाँ कहें।” उन्होंने यह भी बताया कि तंबाकू का सेवन करने से कैंसर, हृदय रोग, श्वसन तंत्र की बीमारियाँ और गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है।

इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने सभी विद्यार्थियों से शपथ दिलवाई कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार, दोस्तों एवं समाज को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अर्की ब्लॉक को तंबाकू मुक्त बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है, और यह तभी संभव है जब सभी लोग मिलकर इस दिशा में कार्य करें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश गर्ग ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक संदेश जा सकता है और आने वाली पीढ़ी को तंबाकू से दूर रखना ही इस अभियान की असली सफलता है। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापकगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर तथा स्थानीय समुदाय के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर तंबाकू मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को तंबाकू जैसे घातक नशे से बचाना और एक स्वस्थ, सशक्त व जागरूक समाज की स्थापना करना है।
