बाघल टुडे (अर्की):- पुलिस थाना दाडलाघाट में एक अक्तूबर को चोरी मामले में दर्ज एफआईआर के तहत मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। दाडलाघाट निवासी अमरदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनकी दाडलाघाट में “फैशन पॉइंट” नाम से दुकान है। 30 सितंबर 2025 की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो पाया कि दुकान का साइड शीशा टूटा हुआ था और अंदर से नोटों के हार व नकदी चोरी हो चुकी थी। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 20 से 25 हजार रुपये बताई गई।
मामले की जांच के दौरान दाडलाघाट पुलिस टीम ने दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला दुकान के भीतर चोरी करते हुए नजर आई। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त महिला मुस्कान पुत्री प्रेम सिंह, निवासी गांव जरेहड़, बिहाल, डाकखाना कटराई, तहसील व जिला कुल्लू, उम्र 22 वर्ष, को 19 जनवरी 2026 को बिलासपुर से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी महिला को मंगलवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहाँ उसे 31 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश दिए गए। पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।
दाडलाघाट में दुकान से नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
